सीखड़ । चुनार कोतवाली क्षेत्र के चितेश्वरनाथ घाट पर मंगलवार की सुबह पिता के साथ गंगा स्नान कर रहा किशोर गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। पिता ने बचाने की कोशिश की पर विफल रहे। गोताखोरों की मदद से किशोर को बाहर निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
क्षेत्र के कुशहां गांव निवासी विकास पांडेय पुत्र लक्ष्य (17) के साथ सुबह नौ बजे चितेश्वर घाट पर स्नान करने गए थे। गंगा में स्नान करते समय लक्ष्य गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। उसे डूबता देख पिता विकास ने उसे बचाने की कोशिश की पर असफल रहे। पुत्र के डूबने पर पिता ने अदलपुरा चौकी प्रभारी और परिजनों को सूचना दी। सूचना पर अदलपुरा चौकी प्रभारी अरविंद गुप्ता ने घाट पर पहुंच कर स्थानीय गोताखोरों को बुलाया। एक घंटे की मशक्कत के बाद गोताखारों ने किशोर को बाहर निकाला। बाहर निकाले जाने पर परिजन किशोर को उपचार के लिए वाराणसी के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां डाक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। किशोर दो भाई में छोटा था। किशोर हाईस्कूल का छात्र था।