भांवा। चुनार थाना क्षेत्र के टेढि़या गांव में बृहस्पतिवार को जहर खाने से एक किशोरी की मौत हो गई। परिजनों ने उसके नाबालिग प्रेमी पर जबरदस्ती जहर खिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी प्रेमी को पकड़ लिया।
गांव की मधु ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह अपनी छोटी अंजना (16) और पड़ोस की महिलाओं के साथ राजगढ़ स्थित सेमरा गांव में धान की रोपाई करने गई थी। शाम को करीब पांच बजे किसान ने अपने ट्रैक्टर से सभी को घर छोड़ा था। इसी बीच पड़ोस की एक किशोरी अंजना को बुलाकर अपने घर ले गई।
वह पहले से ही राजगढ़ थाना क्षेत्र के पड़ोस के गांव का निवासी उसका मौजूद था। मधु ने आरोप लगाया कि उसकी छोटी बहन को प्यार का वास्ता देकर प्रेमी ने जहर खिला दिया और भाग गया। जिस किशोरी के घर बहन गई थी, वह अंजना को शाम साढ़े सात बजे रास्ते में अचेतावस्था में छोड़कर चली गई। परिजन उसे सक्तेशगढ़ स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टर ने रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मृतका के चाचा सुरेंद्र कुमार की तहरीर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चुनार थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका ने विषाक्त खाया था। किशोरी की मौत हो गई और किशोर बच गया। उसको पकड़ लिया गया है।