अहरौरा। नगर के बुढ़ादेई में रविवार की शाम ताजिया के जुलूस के दौरान गुब्बारा बेचने वाले की गैस की टंकी फट गई। हादसे में गुब्बारा बेच रहे युवक समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। गुब्बारा विक्रेता की हालत गंभीर होने के कारण उसे ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। अहरौरा के चौक बाजार निवासी रामबाबू (38) त्योहार और मेले में गुब्बारा बेचकर जीवन यापन करता है।
रविवार की शाम को ताजिया के जुलूस के दौरान वह हाइड्रोजन गैस की टंकी लेकर गुब्बारा बेच रहा था। बुढ़ादेई इलाके में गुब्बारे में हाइड्रोजन गैस भरते समय तेज आवाज के साथ टंकी फट गई।
हादसे में गुब्बारा विक्रेता रामबाबू और पास में मौजूद आजाद अंसारी (48) निवासी पसियाई, जलालपुर, जौनपुर घायल हो गए। मौके पर पहुंचे नगर चौकी प्रभारी अविनाश त्रिपाठी ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने रामबाबू ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। हादसे की की जानकारी होते ही तहसीलदार चुनार योगेंद्र शरण साह भी मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष अजय सेठ ने बताया कि गुब्बारा भरते समय गैस की टंकी फटने से दो लोग घायल हो गए हैं।