मिर्जापुर। डीआईजी आरपी सिंह ने मिर्जापुर, सोनभद्र व भदोही के एसपी को जिले के टॉप 10 अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर व गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने महिला संबंधी आपराधिक मामलों में त्वरित कदम उठाने का भी निर्देश दिया है।
मंडल के तीनों जिलों के एसपी के साथ आयोजित बैठक में कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं के जल्दी पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने वांछित, पुरस्कार घोषित आरोपियों व वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने भूमि संबंधी विवादों का निपटारा थाना समाधान दिवस पर राजस्व विभाग के सहयोग से कराने का निर्देश दिया। उन्होंने रात में चौराहों व तिराहों पर जांच अभियान चलाकर आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने को भी कहा। उन्होंने अधिकारियों को पिछले 10 वर्षों में चोरी, लूट व अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों का सत्यापन करने, अवैध शराब व अवैध शस्त्र रखने वालों पर कार्रवाई करने की भी हिदायत दी। उन्होंने महिलाओं व बच्चियों के साथ होने वाली आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के लिए महिला पुलिस कर्मियों के माध्यम बीट क्षेत्र में चौपाल लगवाकर महिलाओं को जागरूक करने पर जोर दिया। बैठक में एसपी मिर्जापुर अभिनंदन, एसपी भदोही मीनाक्षी कात्यायन, एसपी सोनभद्र अशोक कुमार मीणा आदि मौजूद रहे।