मिर्जापुर शहर के एक मोहल्ले में सोमवार सुबह नौ वर्षीय बालिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर से थोड़ी ही दूरी पर मिला। बालिका रविवार शाम से लापता थी।
मिर्जापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में रविवार शाम से लापता नौ वर्षीय बालिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों सोमवार सुबह मिला। बालिका की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विज्ञापन
मौके पर डीआईजी, एसपी, एएसपी सिटी ने जाकर डॉग स्क्वायड और फील्ड यूनिट टीम के साथ छानबीन की। कोतवाली कटरा क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासिनी नौ वर्षीय बालिका का शव मिलने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कटरा राम नरायन राम मौके पर पहुंचे। परिजनों द्वारा बताया जा रहा है कि बालिका रविवार शाम अपने घर के पास खेल रही थी। अचानक से वो गायब हो गई।
मौके पर पहुंचे डीआईजी आरके भारद्वाज
परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। सोमवार सुबह घर से 25-30 कदम की दूरी पर ही वह मृत मिली। परिजनों का आरोप है कि बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को फेंका गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी आरके भारद्वाज ने मौके पर पहुंच कर परिजनों से बात कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।