कार्रवाई की मांग काे लेकर जमालपुर थाने का घेराव करने पहुंचे ग्रामीण। स्रोत- सोशल मीडिया
- फोटो : Organiser
शेरवां। जमालपुर थाना क्षेत्र के औरइया गांव के पास पानी से भरे गड्ढे में मिले युवक के शव के मामले में हत्या की आशंका जताते हुए बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया।
प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग के लिए सैकड़ों ग्रामीण करीब पांच घंटे तक थाने पर डटे रहे। थाना प्रभारी के दो दिन के भीतर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के आश्वासन पर ग्रामीण लौट गए। अदलहाट थाना क्षेत्र के भाईपुर खुर्द निवासी बाबूलाल बियार (28) मंगलवार सुबह पत्नी और बच्चों के साथ चंदौली जिले के बड़उर देवी धाम में मुंडन संस्कार कराने गया था। रात में पत्नी और बच्चों को रिश्तेदारी में छोड़कर वह दो अन्य लोगों के साथ बाइक से लौट रहा था। बुधवार सुबह जमालपुर-रानीबाग मार्ग पर औरइया गांव के पास इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम से पहले पानी भरे गड्ढे में उसका शव मिला था। जमालपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
परिजनों ने हत्या कर शव सड़क किनारे गड्ढे में फेंके जाने की आशंका जताई। मृतक के पिता गुलाब बियार ने बेटे की हत्या का आरोप लगाया। परिजनों के अनुसार, घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर पहले सहिजनी गांव के पास रानीबाग-जमालपुर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में बाबूलाल और उसके साथ दो अन्य लोग दिखाई दिए हैं। इसी फुटेज के आधार पर परिजनों ने उन लोगों पर संदेह जताया।
पुलिस बाइक में पेट्रोल भरवाने से जुड़े सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर में चोट लगने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।