नगर के रमईपट्टी स्थित एएस जुबली इंटर कॉलेज में शनिवार को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व दशम के 2773 विद्यार्थियों को 60.432 लाख और दशमोत्तर के 4438 विद्यार्थियों को 47.36 लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए।
नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उनकी पढ़ाई के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या ने कहा कि छात्र-छात्राएं पढ़ाई में मेहनत करें, सरकार उनकी मदद के लिए तैयार है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कन्नौजिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी दिलीप पटेल, रामविलास यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार दीक्षित, जीआईसी के प्रधानाचार्य जयसिंह, एएस जुबली इंटर कॉलेज के राधाकांत तिवारी समेत अधिकारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।