मिर्जापुर। केबीपीजी महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए सोमवार को छात्रों ने जमकर हंगामा किया। वे मुख्य द्वार पर लेट गए और छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग करने लगे। छात्रों ने महाविद्यालय के अध्यापकों को घर जाने से भी रोक दिया। कुछ देर तक प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ सिटी ने छात्रों को समझाया और अध्यापकों को वहां से बाहर निकाला।
इससे पहले सोमवार को ही सुबह छात्र कलेक्ट्रेट पहुंचे थे और वहां भी छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की थी। एक तरह से छात्र करीब चार घंटे तक अध्यापकों को बंधक बनाए रहे। आंदोलन में शामिल छात्र अभिषेक तिवारी व योग कुमार पासवान ने बताया कि छात्रसंघ की बहाली के लिए छात्रों की तरफ से हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। उन्होंने प्राचार्य को 13 नवंबर को इसकी जानकारी दी थी। जिस पर प्राचार्य ने मझवां विधानसभा उपचुनाव बीत जाने के बाद छात्रसंघ का चुनाव कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब चुनाव टाला जा रहा है। आरोप लगाया कि प्राचार्य छात्रों से दूरी बना रहे हैं। छात्रों ने चेतावनी दी कि छात्रसंघ चुनाव नहीं हुआ ताे वे लोग भूख हड़ताल करेंगे। इससे पहले छात्रों ने महाविद्यालय का मुख्य द्वार भी बंद कर दिया था। इससे आवागमन बंद हो गया। सूचना पर पहुंचे कटरा पुलिस निरीक्षक ने मुख्य द्वार खोलवाया। उसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट लाल बहादुर सिंह व सीओ सिटी विवेक जावला मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बात की और उनको आश्वासन देकर आंदोलन समाप्त कराया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि छात्रों को समझा दिया गया है। वे फिलहाल मान गए हैं। प्राचार्य प्रो. एके सिंह ने कहा कि इस संबंध में जल्दी ही जरूरी कदम उठाए जाएंगे।