केबीपीजी एवं जीडी बिनानी कालेज में 25 सितंबर रविवार को छात्रसंघ के लिए मतदान होगा। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान के बाद मतगणना और शपथ ग्रहण होगा। परिणाम की घोषण के बाद विजेता पदाधिकारियों को पुलिस घर तक पहुंचाएगी। जुलूस निकालने पर प्रतिबंध है।
केबी कॉलेज में प्राचार्य डा. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 4668 छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव अधिकारी डा.अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मतदान के लिए परिचयपत्र और शुल्क रसीद साथ लाना होगा। जीडी बिनानी कॉलेज में चुनाव तैयारियां पूर्ण हो गई। मुख्य चुनाव अधिकारी डा. केेके चौरसिया ने बताया कि छात्र परिचय पत्र दिखाकर मतदान कर सकते हैं। पांच बूथ बनाए गए हैं, जिसमें 2850 छात्र-छात्राएं मतदान करेंगे। प्राचार्य डा. राजी अग्रवाल ने चुनाव तैयारियों का जायजा लिया। मतदान केंद्रों पर पुलिस व पीएसी की तैनाती की गई है।