मिर्जापुर/हलिया। तेज हवा और बारिश से जगह-जगह टिनशेड व छप्पर उड़ गए। पेड और डालियां टूटकर गिरने से यातायात हो गया। वहीं, कई इलाकों में तार टूटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिसुंदरपुर में मिर्जापुर-भटौली मार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने सूखा पेड़ गिर गया, जिससे यातायात बाधित हो गया। पेड़ काटकर हटाने के बाद आवागमन शुरू हुआ। हलिया क्षेत्र में कई जगह पेड़ धराशायी हो गए और टिनशेड व छप्पर हवा में उड़ गए।
कस्बा स्थित सब्जी विक्रेता लवलेश का डिनशेड उड़ने से बगल में पान बेच रही मैना देवी घायल हो गई। वहीं, पेड़ गिरने से हंसराज यादव का मकान क्षतिग्रस्त हो गया।
वहीं, नगर के घोड़े शहीद के पास बिजली के तारों पर पेड़ गिर गया। इससे तार और दो खंभे क्षतिग्रस्त हो गए।
इससे रामबाग में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। दोमुहियां व जंगीरोड में भी तार पर पेड़ गिरने से बिजली गुल हो गई। अधिशासी अभियंता मनीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मरम्मत कराई जा रही है। हलिया के गढ़वा गांव में बिजली के तार पर पेड़ गिरने आपूर्ति ठप हो गई। साथ ही एक घंटे यातायात बाधित रहा।