माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा में सोमवार को छह परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए। बोर्ड परीक्षा के नौवें दिन रसायन विज्ञान इंटरमीडिएट की परीक्षा में पांच परीक्षार्थी और बही खाता लेखा शास्त्र की परीक्षा में एक परीक्षार्थी नकल करते पकड़ा गया।
वहीं बोर्ड परीक्षा के दौरान केंद्र व्यवस्थापक, सचल दल, स्ट्रैटिक मजिस्ट्रेटों की सख्ती से नकल करने वाले छात्रों के हौसले पस्त दिखे।
यूपी बोर्ड परीक्षा के नौवें दिन दूसरी पाली में रसायन विज्ञान की परीक्षा में कई छात्र नकल करते पकड़े गए। छानबे संवाददाता के अनुसार छानबे के मौनी स्वामी इंटर कालेज में एक परीक्षार्थी को केंद्र व्यवस्थापक सूर्यबली पांडेय ने और दूसरे छात्र को डीआईओएस के सचल दल ने नकल करते पकड़ा।
इसके बाद महाशक्ति इंटर कालेज छानबे में राजकीय इंटर कालेज के सचल दल ने दो परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा। क्षेत्र के लोकनाथ मिश्र इंटर कालेज, पारसनाथ राम किशोर इंटर कालेज मनिकठा, श्रीनाथ सिंह इंटर कालेज, महाशक्ति इंटर कालेज सहित कई विद्यालयों में कड़ाई दिखी।
लालगंज संवाददाता के अनुसार बापू उपरौध इंटर कालेज में केंद्र व्यवस्थापक डा. धर्मजीत सिंह ने एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ा। चील्ह संवाददाता के अनुसार मिश्री लाल इंटर कालेज मवैया में बही खाता तथा लेखा शास्त्र इंटरमीडिएट की परीक्षा में मंडलीय सचल दल ने एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ा।
बोर्ड परीक्षा के नौवें दिन दूसरी पाली में रसायन विज्ञान की परीक्षा थी। जिसमें नकल रोकने के लिए सचल दल काफी सक्रिय दिखा।
बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए जोनल मजिस्ट्रेट व अपर जिला मजिस्ट्रेट रत्नप्रिया, बागीश कुमार शुक्ला, सेक्टर मजिस्ट्रेट व तहसीलदार सदर आरपी सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र यादव, बीडीओ कोन भावना यादव, सीवीओ डा. राधेश्याम तिवारी सहित कई अधिकारियों ने केेंद्रों का निरीक्षण किया।