पड़री। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। भाजपा कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि मतदान में अब ज्यादा समय नहीं है, आप सब कमल का फूल खिलाएंगे तो हम मझवां में विकास का फूल खिलाएंगे। उन्होंने कहा कि अन्य पार्टियां जो कहती हैं वो नहीं करती हैं, जबकि भाजपा गठबंधन सरकार जो कहती उसे करती है। आप सबसे हाथ जोड़कर वोट का कर्ज मांगने आया हूं। भाजपा प्रत्याशी की जीत होगी तो उसका फायदा ब्याज सहित लौटाने के लिए हमेशा तैयार रहेंगे।
उपमुख्यमंत्री मुख्य अतिथि में रूप में शनिवार को देवरी स्थित एक लान में प्रबुद्ध जन बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मझवां विधानसभा क्षेत्र के साथ ही मिर्जापुर जिले के विकास के लिए शुचिस्मिता मौर्य और केंद्र सरकार में मंत्री व सांसद अनुप्रिया पटेल मझवां सहित पूरे जिले का विकास करा रही हैं। जो बचे काम हैं, वे चुनाव बाद अवश्य पूरा कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों द्वारा दुष्प्रचार किया गया कि भाजपा के अगर 400 सांसद जीते तो आरक्षण समाप्त कर संविधान बदल देगी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव शुचिस्मिता मौर्य नहीं, केशव मौर्य, अनिल राजभर, सांसद अनुप्रिया पटेल, आशीष पटेल समेत भाजपा व सहयोगी दलों के साथ योगी, मोदी लड़ रहे हैं। हमारा प्रयास है कि आप सब का सिर हमेशा ऊंचा रहे। अब चार दिन का समय शेष है। आप सब यहां से संकल्प लेकर जाएं और कमल को खिलाने का हर संभव प्रयास करें। जीतने के बाद हम दुबारा आएंगे और सबके साथ मिलकर मझवां व जिले के विकास का पूरा खाका तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि विरोधियों के पास हमारी सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है। अब वे पीडीए की बात करते हैं। सपा परिवार डेवलपमेंट एजेंसी है। जिसकी सरकार में भ्रष्टाचार, गुंडा राज, छिनैती, हत्या लूट, बलात्कार, दंगे आदि होते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की तरफ से आरओ-एआरओ परीक्षा एक दिन कराने के लिए आंदोलन किया गया। जिसमें छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग करने की खबर पर उसको तुरंत रोका गया तथा छात्रों की मांग पूरी की गई। जिसमें विपक्षी दलों द्वारा कई प्रकार के आरोप लगाए गए। उन्होंने कहा कि सपा शासन काल में छात्रों के साथ कई बार दुर्व्यवहार किया गया। नौकरियों में सपा शासन में भ्रष्टाचार का बोलबाला था। बिना पैसे के नौकरी नहीं मिल रही थी, जबकि भाजपा शासन काल में सात लाख नौकरियां दी गईं। गरीब का बेटा हो, चाहे अमीर का, सभी को योग्यता के आधार पर नौकरियां दी गईं। उन्होंने कहा कि गरीबों, महिलाओं, युवाओं के सहयोग से जीतकर आप के विश्वास पर भाजपा खरी उतरेगी। यह चुनाव जीतने के बाद हरियाणा की तर्ज पर यूपी में भाजपा की तीसरी सरकार बनने का संकेत होगा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, सोहन श्रीमाली, विधायक रमाशंकर पटेल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख चंद्रेश प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कन्नौजिया आदि मौजूद रहे।