जिगना थाना क्षेत्र के खैरा बसेवरा गंगा घाट पर सोमवार सुबह गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच युवक डूबने लगे। बचाने गया एक और युवक डूबने लगा। लेकिन किसी तरह बाहर आ गया। घाट पर मौजूद लोगों की मदद से चार लोग किसी तरह से बचाकर बाहर लाए गए, पर एक युवक गंगा में डूब गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय मल्लाहों को बुलाकर जाल डालकर खोज में जुटी। दो घंटे के प्रयास के बाद युवक को बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक को 11 माह का एक पुत्र है। मौत की खबर लगते ही पत्नी गायत्री व माता रमादेवी बेसुध हो गई। परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल है।
लालगंज थाना क्षेत्र के बरौंधा चौकी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 135 पर स्थित बबुरा भैरव दयाल गांव के सामने रविवार देर रात दो ट्रकों में भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों ट्रक चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां डाक्टर ने एक चालक को मृत घोषित कर दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उनको मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।