अदलहाट। थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्ति नगर राजमार्ग पर स्थित सिकिया पेट्रोल पंप के पास बुधवार देर शाम पुलिस ने एक पिकअप से आठ गोवंश बरामद किया। इसमें सात की मौत हो गई थी। एक गाय जिंदा मिली। एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से देसी तमंचा, दो कारतूस बरामद हुआ। चालक गाड़ी खड़ा कर फरार हो गया।
नरायनपुर पुलिस चौकी इंचार्ज श्यामधर सिंह बुधवार को शाम गश्त में थे। सूचना मिली कि चुनार की ओर से एक सफेद पिकअप वाहन पर पशु तस्कर पशु लेकर बिहार की ओर ले जा रहे हैं। पुलिस टीम सिकिया मोड़ पर वाहन आने का इंतजार करने लगी। वाहन चालक पुलिस को देखकर वाहन सिकिया पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर भाग गया। वाहन में बगल में बैठे व्यक्ति से पुलिस ने पूछताछ किया तो वह अपना नाम लवकुश पटेल पुत्र मेवा लाल ग्राम प्रतापपुर थाना मिर्जामुराद जनपद वाराणसी बताया।
तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा व दो कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने प्लास्टिक से ढके पिकअप वाहन को खोला तो उसमें लदे पशु क्रूरता के साथ बांधे थे। इसमें सात पशु, तीन सांड़ चार गाय मृत थे। एक गाय जिंदा थी। पुलिस ने सभी मृत पशुओं को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गाय को गोशाला में भेजवाया। पुलिस ने पशु तस्कर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया।