मिर्जापुर। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत जिले के सीबीएसई से संबद्ध माध्यमिक विद्यालयों में भी कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विद्यालयों का समूह बनाकर संबंधित विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
सीबीएसई के निर्देशानुसार 12वीं के विद्यार्थियों को नलसाज, विद्युतीकरण, फीटर व ऐसे ही अन्य रोजगार परक प्रशिक्षण दिए जाएंगे। ताकि जो विद्यार्थी कक्षा 12 के बाद आगे की शिक्षा प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं, वे इस प्रशिक्षण से उपयुक्त रोजगार प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए सीबीएसई से संबद्ध सभी विद्यालयों में प्रशिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी अथवा उनके लिए प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्था की जाएगी। सीबीएसई की सिटी कोआर्डिनेटर कंचन श्रीवास्तव ने बताया कि इस संबंध में सीबीएसई से निर्देश आने के बाद उसके अनुरूप व्यवस्था की जा रही है।