जिगना। मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर जिगना थाना क्षेत्र के यादवपुर गांव के पास सोमवार को देर शाम को ट्रैक्टर से टकरा कर बाइक सवार गंभीर रूप घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरोई ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई।
देहात कोतवाली क्षेत्र के छटहा गांव निवासी प्रमोद कुमार सोनी (26) पुत्र रामलाल सोनी सोमवार को शाम को करीब सात बजे बाइक से जिगना की ओर जा रहे थे। जिगना थाना क्षेत्र के यादवपुर गांव के पास ट्रैक्टर व मिक्सर मशीन खड़ी थी। बाइक सवार प्रमोद उससे टकरा गए। हादसे में प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर एंबुलेंस से घायल को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोई भेजवाया। जहां डॉ. पुनीत अग्रवाल ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख उन्हें ट्रामा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान प्रमोद कुमार सोनी की मौत हो गई। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। थानाध्यक्ष रविकांत मिश्र ने बताया कि हादसे में घायल बाइक चालक की मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।