मड़िहान थाना क्षेत्र के पतरखुरा गांव में मंगलवार को दोपहर में जमीन संबंधी विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों से धारदार हथियार व लाठियां चलीं। मारपीट में दोनों पक्ष से महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान भेजवाया।
क्षेत्र के पतरखुरा गांव निवासी बटुरी व सरजू दोनों पट्टीदार हैं। आवागमन के लिए गैलरी को लेकर पुराना विवाद है। मंगलवार को भी एक बार फिर शौचालय निर्माण के लिए गड्ढा खोदने को लेकर विवाद हो गया। पास पड़ोस के लोग समझाने का प्रयास कर रहे थे। इस बीच विवाद इतना बढ़ गया कि धारदार हथियार व लाठी डंडे निकल गए। दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष शुरू हो गया। एक-दूसरे पर हमला करते हुए फावड़ा, कुल्हाड़ी व लाठी लेकर टूट पड़े। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष के धर्मराज (18), बाबूनंदन (20), शिव कुमारी (50) व दूसरे पक्ष के मुन्नालाल (49), ललित (42), रीता देवी (27) शामिल हैं। सभी घायलों का सीएचसी मड़िहान में उपचार कराया गया। मेडिकल कराने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।