लालगंज। अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लहंगपुर बाजार स्थित हाईवे ओवरब्रिज चौराहे पर छह सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। कैमरों के संचालन के बाद चौराहे और आसपास के बाजार की गतिविधियों पर पुलिस की लगातार नजर रहेगी।
प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडे की पहल पर रविवार शाम कैमरे लगाने का कार्य शुरू कराया गया। उन्होंने बताया कि कैमरों का सीधा कनेक्शन लालगंज थाने और पुलिस चौकी से रहेगा। इससे किसी भी दुर्घटना, संदिग्ध गतिविधि या अन्य घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सकेगी। साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में भी सुविधा होगी। सीसीटीवी निगरानी शुरू होने के बाद पुलिस की सतर्कता के साथ-साथ ''तीसरी आंख'' भी बाजार की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएगी। कैमरा डिस्ट्रीब्यूटर रीतम बरनवाल ने बताया कि चौराहे पर दो मेगापिक्सल क्षमता वाले छह कैमरे लगाए जा रहे हैं। ये कैमरे दिन और रात दोनों समय स्पष्ट रिकॉर्डिंग करेंगे।