विंध्याचल में मां के भक्तों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
नगर पालिका परिषद मिर्जापुर ने विंध्याचल क्षेत्र में वाहन स्टैंडों को अंतिम रूप दे दिया है। विंध्याचल मेला क्षेत्र में 10 स्थानों पर वाहन स्टैंड निर्धारित किए गए हैं। शुल्क भी निर्धारित कर दी गई है। निर्धारित स्टैंडों पर चार घंटे के लिए बसें खड़ी करने पर 50 रुपये, कार व जीप के लिए 25 रुपये तथा बाइक के लिए 10 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। रेहड़ा चुंगी, पटेंगरा नाला, विंध्याचल (लाल साहब का हाता), मोतिया झील मार्ग पर शौचालय के पास वाहन स्टैंड तथा रोडवेज के पास बड़े हनुमान पर टैंपो स्टैंड की व्यवस्था की गई है।
मिर्जापुर-वाराणसी-गाजीपुर यूनियन वाहन स्टैंड, कंतित, चौरी एवं जौनपुर प्राइवेट बस स्टैंड, कतिपुरवा, शिवनन्दो वाहन स्टैंड कतिपुरवा, काशी नरेश बगीचा वाहन स्टैंड, बरतर तिराहा, मोतिया झील मार्ग पर शौचालय के पास वाहन स्टैंड, आशा चौरसिया, बरतर तिरहा, मोटर साइकिल वाहन स्टैंड, संदीप मिश्रा, मोतिया झील पर वाहन स्टैंड की व्यवस्था की गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि नवरात्र मेला के दौरान नटवां-गैपुरा मार्ग पर बड़े वाहन पूर्णतया प्रतिबंधित रहेंगे। आवश्यक सेवाओं के वाहन, स्कूल बस व एंबुलेंस सेवा जारी रहेगी। जब तक मेला चलेगा, बड़े वाहन मेला क्षेत्र में नहीं जाएंगे। यातायात प्रबंधन के लिए पार्किंग स्थलों के व्यवस्थापन, पर्याप्त बैरियर लगाकर रूट डायवर्जन किया जाएगा। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
नवरात्र मेला शुरू होते ही विंध्याचल में घर-घर वाहन स्टैंड खुल जाते हैं। सड़क की पटरियों को घेरकर वाहन स्टैंड बना दिए जाते हैं। इन स्टैंडों पर मनमाना शुल्क की वसूली तो होती ही है, सामान की चोरी का खतरा भी बना रहता है। इस प्रकार के वाहन स्टैंड प्रशासन के लिए चुनौती बनेंगे।