अहरौरा। ग्रामीणों को पेयजल मुहैया कराने के लिए नगर क्षेत्र के खुतहवा पहाड़ी पर बनी पानी की टंकी जर्जर होने से शुक्रवार की दोपहर ढाई बजे अचानक फट गई। हादसे में टंकी के पानी से नहा रहे बच्चों में से एक की मलबे में दबने से मौत हो गई। पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही लोगों ने शव को मौके से हटाकर अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया।
खुतहवा पहाड़ी पर ग्रामीण पेयजल योजना के तहत चार वर्ष पूर्व एक लाख 10 हजार रुपये से 15 सौ लीटर क्षमता की टंकी बनवाई गई थी। शुक्रवार की दोपहर कुछ बच्चे टंकी के पानी से स्नान कर रहे थे। जर्जर होने के चलते टंकी अचानक भरभरा कर गिर गई। नहा रहे आयुष उर्फ गन्नू (10) पुत्र संजय निवासी खुतहवां पहाड़ी की मलबे में दबकर मौत हो गई। पुलिस को सूचना दिए बगैर ही परिजन पिकअप में शव रखकर अंतिम संस्कार करने के लिए निकल गए। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर क्षतिग्रस्त पानी की टंकी की मरम्मत की गुहार क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से लगाई गई, पर उनके मरम्मत को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया। इसकी वजह से बच्चे की जान चली गई। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा सूचना मिली कि जर्जर पानी की टंकी की दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक बालक की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। लेकिन तब तक परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए निकल गए। हादसे के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस घटना का स्वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रही है।