10 अक्तूबर को दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनें नहीं चलेंगी, यात्रा से पहले स्थिति जानने की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास 10 अक्तूबर को यातायात की अधिकता के कारण भारी जाम की आशंका के मद्देनजर रेलवे ने कई ट्रेनों को निरस्त करने का निर्णय लिया है। इसका असर मिर्जापुर के उन यात्रियों पर भी पड़ सकता है, जो दिल्ली और प्रयागराज के बीच रेल यात्रा करते हैं। बनारस से नई दिल्ली जाने वाली शिवगंगा एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें भी निरस्त रहेंगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।
उत्तर मध्य रेलवे की जनसंपर्क अधिकारी रागिनी सिंह ने बताया कि गाड़ी संख्या 12559 बनारस-नई दिल्ली शिवगंगा एक्सप्रेस नौ अक्तूबर को अपने प्रारंभिक स्टेशन से निरस्त रहेगी। इसके चलते वापसी में गाड़ी संख्या 12560 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस 10 अक्तूबर को नहीं चलेगी।
इसी तरह, गाड़ी संख्या 12581 बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस नौ अक्तूबर को निरस्त रहेगी। इसकी वापसी सेवा गाड़ी संख्या 12582 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस भी 10 अक्तूबर को निरस्त रहेगी। प्रयागराज से नई दिल्ली जाने वाली गाड़ी संख्या 12417 प्रयागराज एक्सप्रेस नौ अक्तूबर को निरस्त रहेगी। इसके कारण गाड़ी संख्या 12418 नई दिल्ली-प्रयागराज एक्सप्रेस 10 अक्तूबर को नहीं चलेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 12275 प्रयागराज-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस भी नौ अक्तूबर को निरस्त रहेगी। इसकी वापसी सेवा गाड़ी संख्या 12276 नई दिल्ली-प्रयागराज हमसफर एक्सप्रेस 10 अक्तूबर को नहीं चलेगी। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास 10 अक्तूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक भारी यातायात जाम की आशंका है। इसी के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए यात्रा से पहले हेल्पलाइन नंबर 139, एनटीईएस ऐप या रेलवे के आधिकारिक सूचना माध्यमों से ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।