रीवा वाराणसी टोल प्लाजा पर लगी वाहनों की कतार। संवाद
- फोटो : संवाद
मिर्जापुर। रीवा-वाराणसी मार्ग पर ड्रमंडगंज के करीब स्थित टोल प्लाजा का रविवार की सुबह सर्वर फेल हो गया। इससे फास्टैग से शुल्क कटने की व्यवस्था ठप हो गई। इसके चलते टोल प्लाजा के दोनों तरफ मिलाकर दो किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। ढाई घंटे तक लोग टोल प्लाजा की लेन में फंसे रहे। बाद में टोल कर्मियों ने बिना शुल्क लिए ही आठ सौ से ज्यादा वाहनों को छोड़ दिया। तब जाम खत्म हुआ। जाम की समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित वो लोग रहे जो बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने व अवकाश का लुत्फ उठाने वाराणसी और मिर्जापुर जा रहे थे।
रविवार को 11.30 बजे अतरैला टोल प्लाजा पर उस समय मामला गंभीर हो गया जब अचानक नेट सर्वर फेल होने से फास्टैग से आनलाइन टैक्स जमा होने की कार्य बाधित हो गई। उसके बाद देखते ही देखते टोल प्लाजा के दोनों तरफ भारी तथा छोटे वाहनों की लंबी कतार लग गई। अतरैला टोल प्लाजा पर 18 लेन हैं। 16 अप डाउन तो दो लेन रिवर्स हैं। सर्वर फेल होने से दोनों तरफ वाहनों के पहिये थम गए। तमाम प्रयास के बाद भी जब सर्वर ठीक नहीं हो सका तो वाहनों को बिना शुल्क लिए ही छोड़ा जाने लगा। टोल प्रबंधक ऋषि शुक्ला बताया कि 450 भारी वाहन और 350 से ज्यादा छोटे चार पहिया वाहनों को बिना टोल लिए ही छोड़ा गया। इसके चलते काफी आर्थिक क्षति हुई। हालांकि लोगों की समस्या को देखते हुए वाहनों को जाने दिया गया। जाम में सबसे ज्यादा बाबा विश्वनाथ दरबार व मां विंध्यवासिनी दरबार जाने वाले भक्त शामिल रहे। जाम की समस्या गंभीर होने पर लालगंज थाने की पुलिस मौके पर मौजूद रही। इस दौरान जरूरी कार्य से संबंधित लोगों को किनारे की लेन से छोड़ा जाता रहा।