रियो ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक के साथ सेल्फी लेने के लिए सत्य नारायण खेल संस्थान में रशंसकों में होड़ लग गई। वह शुक्रवार राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने आई थीं। उनको देखने कछवां, वाराणसी, मिर्जापुर, भदोही आदि जिलों के हजारों की संख्या में खेल प्रेमी जुटे।
कुश्ती प्रतियोगिता में देश के कई नामी गिरामी व राष्ट्रीय स्तर के पहलवान भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ श्री सत्य नारायण सिंह खेल विकास संस्थान परिसर में शुक्रवार की दोपहर दो बजे मुख्य अतिथि रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक ने किया। दोपहर दो बजे से शुरू हुई कुश्ती प्रतियोगिता सांयकाल पांच बजे तक चलती रही।
खेलप्रेमी पहलवानों का दावपेंच देख उत्साहवर्धन के लिए लोग तालियां बजाते रहे। कार्यक्रम स्थल पर साक्षी मलिक एक घंटा रहीं, तत्पश्चात सड़क मार्ग से वाराणसी को रवाना हो गई। कार्यक्रम का संचालन ह्दय नारायण ने किया। इस दौरान सहायक पुलिस महानिदेशक भ्रष्टाचार निवारण राम नारायन सिंह सहित नीरज राय, शिवशंकर चौबे, पवन मिश्र, लक्ष्मीकांत गुप्त, शिवशंकर सिंह, श्याम मोहन सिंह, ओम प्रकाश सिंह, देवेंद्र राय सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।