नगर के केबी पीजी कॉलेज व जीडी बिनानी पीजी कॉलेज में 22 मई को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान होना है। इस बीच सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच होनी थी, जो पूरी नहीं हो सकी। चुनाव अधिकारियों का कहना है कि नामांकन पत्रों की जांच का काम 17 मई को पूरा किया जाएगा।
दोनों महाविद्यालयों में एक साथ छात्रसंघ चुनाव के कार्यक्रम रखे गए हैं। दोनों महाविद्यालयों में शनिवार को नामांकन पत्रों की खरीद हुई और रविवार को नामांकन किया गया था। सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच होनी थी, जो पूरी नहीं हो सकी। केबी कॉलेज के चुनाव अधिकारी डॉ. गौरीशंकर द्विवेदी ने बताया कि अवकाश की वजह से कुछ समस्या हुई। हालांकि जो लोग इसमें लगे थे, वे आए लेेकिन नामांकन पत्रों की अधिक संख्या के कारण जांच का काम पूरा नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच का काम 17 मई को पूरा किया जाएगा। यही स्थिति जीडी बिनानी पीजी कॉलेज में भी बतायी गई। ज्ञात हो, केबी कॉलेज में विभिन्न पदों के लिए 26 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। वहीं जीडी बिनानी पीजी कॉलेज में 19 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। साथ ही 17 मई को नाम वापस लेने की भी अंतिम तिथि है।