परिक्षेत्रीय साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने बुधवार को क्रेडिट कार्ड से फ्राड करने वाले एसबीआई के कर्मचारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल और बाइक बरामद किया। खाते से कटे एक लाख सात हजार 706 रुपये को वापस कराया।
सोनभद्र जिले के ओबरा वीआईपी रोड धोबिया नाला निवासी प्रमोद कुमार जैन पुत्र राजेश्वर प्रसाद जैन ने मार्च में परिक्षेत्रीय साइबर क्राइम थाने में क्रेडिट कार्ड से शापिंग के जरिए एक लाख सात हजार 706 रुपये निकालने की तहरीर दिया। तहरीर मिलने पर परिक्षेत्रीय साइबर क्राइम थाना प्रभारी श्याम बहादुर यादव और एसआई चंद्रशेखर यादव ने जांच किया। निरीक्षक श्याम बहादुर यादव ने बताया कि एसबीआई के ब्रांच रिलेशनशीप एग्जक्यूक्टिव ( बीआरई) मोहन लाल कनौजिया पुत्र सहादुर लाल कनौजिया ने क्रेडिट कार्ड से लैपटाप आदि शापिंग कर फ्राड किया था। त्वरित कार्रवाई करते हुए खाते में आर्डर को निरस्त कराकर एक लाख सात हजार 706 रुपये वापस कराया गया था। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। बुधवार को आरोपी मोहन लाल कनौजिया को कछवां रोड पुल के नीचे से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी मोहन लाल ने बताया कि वह एसबीआई क्रेडिट कार्ड बीआरई पद पर कार्यरत है। वह जनपद सोनभद्र, वाराणसी, गाजीपुर जिले से सम्बन्धित लोगों का क्रेडिट कार्ड बनाता है। इसी क्रम में जनपद सोनभद्र के प्रमोद कुमार जैन के क्रेडिट कार्ड से सम्बन्धित क्रेडिट कार्ड नंबर और ओटीपी व अन्य बैंक सम्बन्धित डिटेल लेकर कुल एक लाख सात हजार 706 रुपये फ्राड कर आनलाइन फ्लीपकार्ड से मोबाइल व लैपटाप आर्डर किया था।