कोच भूपेंद्र सिंह के साथ संदीप सिंह।
- फोटो : संवाद
अदालहट। जर्मनी में आयोजित होने वाले 2027 फीफा अंडर-17 यूथ वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय टीम की ओर से खेलने के लिए संदीप सिंह का चयन हुआ है। दो दिन पहले अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ की ओर से सूची जारी की गई है। मध्य प्रदेश में 26 जुलाई से 5 अगस्त के बीच संपन्न हुए राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित बीसी राय जूनियर नेशनल फुटबॉल में यूपी की टीम से खेलते हुए असम राज्य को 3 - 0 से हराकर टीम को विजेता बनाने में संदीप ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस पर चयनकर्ताओं की नजर पड़ी और उन्होंने संदीप को भारतीय टीम में शामिल कर लिया। सीखड़ ब्लॉक के मवैया गांव निवासी किसान धर्मेंद्र कुमार सिंह के पुत्र संदीप सिंह शिवाजी नेशनल इंटर कॉलेज हासीपुर में 10 वीं के छात्र हैं। पिछले साल कक्षा 9 में स्कूल गेम्स ऑफ इंडिया अंडर-14 में पहली बार प्रतिभाग किया। जिला, मंडल में अपना परचम लहराते हुए प्रदेशीय प्रतियोगिता तक का सफर तय किया है। दुर्भाग्य से राष्ट्रीय खेल में चयन नहीं हुआ। उसके बाद संदीप ने निराशा को पीछे छोड़ते हुए अपने कॉलेज के खेल प्रशिक्षक भूपेंद्र सिंह के शरण में चला गया। उन्होंने उसके अंदर छिपी हुई प्रतिभा को पहचाना और उसे ऐसा तराशा कि आज वह भारतीय टीम का हिस्सा बन चुका है। भारतीय टीम में यूपी से दो लोगों का चयन हुआ है। दूसरे खिलाड़ी का नाम अनवर है। इस कामयाबी से जहां पिता गदगद है तो वहीं गुरुजी विद्यालय के प्रधानाचार्य विवेकानंद द्विवेदी, चंद्रजीत, धर्मेंद्र सिंह, मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजवन सिंह, जिला सचिव सतीश सिंह आदि ने बधाई दी है।
आज भी झोपड़ी में रहता है परिवार
अदलहाट। भारतीय फुटबॉल टीम में शामिल संदीप का परिवार आज भी झोपड़ी व टीन सेट लगाकर गरीबी से जूझ रहा है। पिता धर्मेंद्र कुमार सिंह खेती में जुटे रहते है तो मां मुन्नी गृहस्थी के साथ अपने बच्चों को पढ़ने व खेलने पर ध्यान देती हैं। बड़ा भाई कुलदीप पटेल व छोटी बहन जागृति है।
दूध बेचकर चलता है परिवार का खर्च
संदीप के परिवार की माली हालत ठीक नहीं है। भैंस और गाय का दूध बेचकर परिवार का खर्च चलता है।
वर्जन
2027 फीफा अंडर-17 यूथ वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए संदीप का चयन भारतीय टीम में हुआ है। गांव के अन्य बच्चों में भी खेल के प्रति जज्बा जगेगा। उसे मैंने तराशा है, मुझे विश्वास है कि वह आने वाले समय में अवश्य ही देश का नाम रौशन करेगा।
- भूपेंद्र सिंह (खेल प्रशिक्षक), स्कूल गेम्स ऑफ इंडिया (वॉलीबॉल) चयनकर्ता यूपी