अहरौरा। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर हनुमान घाटी के पास शनिवार की सुबह सोनभद्र से बालू लादकर आजमगढ़ जा रहा ट्रक ब्रेक फेल होने के चलते अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में ट्रक चालक व खलासी घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
सोनभद्र से ट्रक पर बालू लादकर आजमगढ़ जा रहा ट्रक जैसे ही हनुमान घाटी के पास पहुंचा था कि तभी ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। जिससे अनियंत्रित ट्रक लहराकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में ट्रक चालक पवन कुमार यादव (30) व खलासी संदीप यादव (28) निवासी अंबारी आजमगढ़ घायल हो गए। ट्रक पलटने से बालू सड़क पर बिखर गई। जिससे आवागमन भी कुछ देर के लिए प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। आवागमन बाधित होने पर पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को किनारे हटवाया। जिससे आवागमन शुरू हो सका। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते ट्रक पलट गया। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचा दिया गया। क्रेन की मदद से ट्रक को किनारे हटवा कर आवागमन शुरू करा दिया गया है।