बाढ़ राहत एवं बचाव कार्य में पिछले साल लगे नाविकों को अब तक उनका पारिश्रमिक नहीं दिया गया है। नाविक एक वर्ष से सदर तहसील में आपदा राहत कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं।
विंध्याचल थाना क्षेत्र में सिटी ब्लॉक के कंतित, गोसाईंपुरवा में वर्ष 2021 में आई बाढ़ के दौरान लगभग आधा दर्जन नावें राहत व बचाव कार्य में लगाई गई थीं। प्रत्येक नाव पर दो नाविकों को लगाया गया था। प्रत्येक दिन सुबह छह से रात 11 बजे तक नाविकों से कार्य लिया गया। इस दौरान किसी ने नौ दिन तो किसी ने एक सप्ताह से अधिक समय कार्य किया, लेकिन अभी तक पारिश्रमिक के नाम पर नाविकों को फूटी कौड़ी तक नहीं मिली है। राकेश निषाद, शिवम कुमार, लक्ष्मीमन उर्फ पप्पू, राजाराम निषाद, जमुना निषाद, बजरंगी आदि नाविकों का कहना है कि भुगतान के लिए लगातार सदर तहसील में आपदा राहत कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। इस संबंध में पूछे जाने पर संबंधित लेखपाल का कहना है कि नाविक अपना खाता देखें, उनका पैसा भेज दिया गया है। वहीं उपजिलाधिकारी सदर चंद्रभानु सिंह का कहना है कि लेखपाल और कानूनगो से सूची मांगी गई थी। अभी तक सूची उपलब्ध नहीं कराई गई है। उधर, पारिश्रमिक का भुगतान नहीं होने से नाविकों में रोष व्याप्त है।