जमालपुर। खाता बंद होने की अफवाह पर इंडियन बैंक में प्रतिदिन खाता धारकों का हुजूम उमड़ रहा है। वैश्विक महामारी के बीच बैंक कर्मी समेत लगे सुरक्षाकर्मी परेशान हैं।
सुबह बैंक खुलने से पहले ही बाहर लोगों का हुजूम देखने को मिलता है। समय होते-होते भीड़ सैकड़ों में पहुंच जा रही है। अधिकांश लोग सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन और बिना मास्क के भीड़ में इकट्ठा रहते हैं। केवाईसी फार्म जमा करने के चक्कर में अंदर प्रवेश के लिए गेट पर लोग धक्का मुक्की तक कर रहे हैं। इससे आए दिन खाता धारकों और बैंक कर्मियों के बीच नोकझोंक हो रही है। शाखा प्रबंधक सिंधुधारी सिंह ने बताया कि पता नहीं कौन अफवाह फैल रहा है कि सभी खाता बंद हो गए हैं जबकि ऐसा नही है। सिर्फ इलाहाबाद बैंक का नाम परिवर्तन होकर इंडियन बैंक हो गया है। शाखा प्रबंधक ने कहा कि किसी का खाता बंद नहीं हुआ है। उन्होंने खाता धारकों से कहा कि मास्क का प्रयोग व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए ही बैंक के अंदर आएं।