मिर्जापुर। नगर पालिका प्रशासन अब नगर के खस्ताहाल अखाड़ों का जीर्णोद्धार कराएगा। 15वें वित्त के तहत 50 लाख रुपये से प्रमुख अखाड़ों की मरम्मत और सुंदरीकरण कराएगा। इसके अलावा अखाड़ों में व्यायाम के आधुनिक उपकरण, पेयजल और शौचालय की सुविधा विकसित की जाएगी। इससे पहलवानों और युवाओं को सहूलियत होगी।
नगर के ब्रह्मचारी का कुआं का अखाड़ा, शुक्लहा स्थित अखाड़ा और बदलीघाट के अखाड़े का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका प्रशासन ने तीन महीने पहले सर्वे कराया था। इसके बाद प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था, जिसे मंजूरी मिल गई है। 50 लाख रुपये से भवनों की मरम्मत कराकर अखाड़े को व्यवस्थित किया जाएगा। साथ ही परिसर में पर्यावरण संरक्षण के तहत पौधरोपण कराने के साथ सुंदरीकरण भी कराया जाएगा। सभी अखाड़ों में पेयजल और शौचालय की व्यवस्था भी की जाएगी। ब्रह्मचारी का पुराना कुंआ का भी जीर्णोद्धार कराया जाएगा। कहा जाता है कि इसका पानी पीने से पेट की सभी तरह की परेशानियां दूर हो जाती हैं। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने कहा कि नगर के युवाओं और पहलवानों की सहूलियत के लिए अखाड़ों को पुनर्जीवित किया जाएगा। पूरा प्रयास किया जाएगा कि लोग स्वच्छ वातावरण में व्यायाम कर सकें।
-
समाप्त हो रहा अखाड़ों का अस्तित्व
मिर्जापुर। नगर में कई अखाड़े थे। इसमें कई तो अभी भी हैं लेकिन कई लुप्त होने के कगार पर है। इसमें दुक्खी का अखाड़ा, उपधिया की पोखरी का अखाड़ा, छिउलहा महादेव मंदिर का अखाड़ा, बरियाघाट का अखाड़ा प्रमुख थे। एक समय हर गंगा घाट पर अखाड़े थे लेकिन अब इनका अस्तित्व समाप्त होता जा रहा है। इसलिए अखाड़ों को फिर से संवारने का काम किया जा रहा है।