दूसरे पंडाल में मां लक्ष्मी के हाथों में लगी नोटों की लड़ी भी चोरी, समिति ने रात में पुलिस ड्यूटी बढ़ाने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
कछवां। आदर्श नगर पंचायत के तेगबहादुर वार्ड स्थित जय मां दुर्गा क्लब के पंडाल में रविवार रात दान पेटी का ताला तोड़कर चोर 10 हजार रुपये का चढ़ावा चुरा ले गए। सोमवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पंडाल में भीड़ जुट गई। पंडाल समिति के सदस्यों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए रात में पंडालों पर पुलिस ड्यूटी बढ़ाने की मांग की है।
पंडाल के कोषाध्यक्ष संतोष कुमार उमर ने बताया कि रविवार रात एक बजे तक कार्यकर्ता पंडाल में थे। इसके बाद सभी अपने-अपने घर चले गए। उस समय दान पेटी पंडाल में ही रखी थी। सोमवार सुबह दान पेटी का ताला टूटा मिला। चोर उसमें रखे 10 हजार रुपये का चढ़ावा चुरा ले गए।
वहीं, मंगरवारी वार्ड स्थित शंकर लाल बृजेश कुमार दुर्गा पूजा पंडाल में मां लक्ष्मी के हाथों में लगी नोटों की लड़ी भी रविवार रात चोरी हो गई। पंडाल से जुड़े महेश गुप्ता ने जानकारी दी। थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान ने बताया कि चोरी की जानकारी मिली है। चोरों का पता लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।