लगभग तीन करोड़ की लागत से जिले की दस नई सड़कें बनाई जाएंगी। इससे बरकछा, लालगंज, सिंरसी समेत अन्य इलाके के लोगों को चकमती हुई सड़कों पर चलने का मौका मिलेगा। सड़काें के निर्माण के लिए शासन ने एक करोड़ 17 लाख रुपये भी अवमुक्त कर दिया है। टेंडर होते ही इन सड़कों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
लोक निर्माण विभाग द्वारा जिले की सड़कों का निर्माण कराने के लिए शासन के पास प्रस्ताव बना कर भेजा गया था। भेजे गए सड़क को बनाने के लिए बजट अवमुक्त करने की मांग की गई थी। विभाग की मांग पर शासन ने संस्तुति प्रदान करते हुए सभी सड़कों को निर्माण करने की अनुमति दे दी है। 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाली प्रत्येक सड़क के लिए शासन ने लगभग धन आवंटित कर दिया है। बता दें कि जनपद के महुवारी कला संपर्क मार्ग से गीता स्वामी आश्रम तक 20 लाख 75 हजार की लागत से सड़क बनेगी।
बरकछा गोपालपुर से खड़ंजा दांती संपर्क मार्ग तक 39 लाख 44 हजार से, लालगंज गैपुरा से बनकट तक 20 लाख 74 हजार, लालगंज गैपुरा से रामपुर वासित अली तक 39 लाख 19 हजार, उपरौध रजौहा से लमौवां तक 29 लाख 56 हजार, उसका रजवाहा से अमवा मैना तक 31 लाख 84 हजार , हिनौता से लरकुटिया तक 32 लाख दो हजार रुपये, जमुई अहरौरा से सुंदरपुर मिर्जापुर तक 19 लाख 97 हजार रुपये, सिरसी से राह कला तक 31 लाख 54 हजार, सिंरसी गांव नहर से समेरा संपर्क मार्ग 31लाख 54 हजार रुपये की लागत से बनाएगी जाएंगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सड़क के कच्चे कामों को मनरेगा से कराया जाए। यह भी निर्देशित किया गया है वह अवमुक्त किए गए पैसे को अपने खाते या डाकघर में भी न रखें।