वाराणसी -शक्तिनगर मार्ग के चौड़ा करने से घरों और दूकानोें के टूटने के विरोध में मंगलवार को महिलाएं सड़क पर उतर गईं। महिलाओं ने बाजार चौड़ीकरण के विरोध में चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे एसडीएम चुनार डा. विश्राम के समझाने पर महिलाएं शांत हुई और चक्का जाम समाप्त किया।
वाराणसी शक्तिनगर मार्ग के चौड़ा करने के चौथे दिन भारी संख्या में लोग स्वयं अपना अतिक्रमण हटा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ मंगलवार को अदलहाट बाजार के गौरहीं मोड़ के सामने वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर गुड़िया गुप्ता के नेतृत्व में दर्जनों महिलाओं ने चक्काजाम किया। चक्का जाम साढ़े 12 बजे से शुरु होकर अपराहन दो बजे तक चला। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अरविंद यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को समझा कर वापस भेजा।
एसडीएम चुनार डा. विश्राम और क्षेत्राधिकारी चुनार पीके वर्मा मौके पर पहुंचे। एसडीएम चुनार ने ग्रामीणों संग अदलहाट थाने मेें बैठक किया। एसडीएम चुनार ने महिलाओं को बताया कि सड़क बाजार से ही होकर जाएगी। जो भी गरीब है और अपना दूकान को तोड़ लिया है। ऐसे विस्थापितों को दूकान और रहने के लिए जमीन पट्टे के रूप में आवंटित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से असहाय लोगों को मकान बनाने में सहायता प्रदान की जाएगी। बैठक के दौरान 30 बाजारवासियों का नाम आवास और जमीन के लिए दिया गया।
गुड़िया गुप्ता ने बैठक के दौरान एसडीएम चुनार को पत्रक सौंपा। जिसमें मार्ग को वनवे बनाने की मांग किया था। बाजार वासियों द्वारा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल किया गया है। याचिका पर एसडीएम चुनार ने कहा कि यदि स्टे मिल जाता है तो भी जिनका दूकान टूटा है, ऐसे विस्थापितों को भी पुर्नस्थापित किया जाएगा। चक्का जाम करने वाली महिलाओं में अंजू देवी, उषा देवी, कुसुम, जानकी, रिंकी गुप्ता, जया गुप्ता, बबिता, इंद्रावती, किरन गुप्ता, संजू सहित दर्जनो महिलाएं शामिल रहीं। इस दौरान एसएचओ अहरौरा रमेश यादव, थानाध्यक्ष जमालपुर आरके सिंह मौके मौजूद रहे। पुलिस ने वाहनों के लिए मार्ग बदल दिया।