मिर्जापुर के जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। विभिन्न योजनाओं में नगर, राजगढ़, छानबे एवं हलिया की सबसे खराब प्रगति पर डीएम ने प्रभारी चिकित्साधिकारी नगर, राजगढ़, छानबे एवं हलिया के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति के निर्देश दिए। साथ ही हलिया के प्रभारी चिकित्साधिकारी को हटाने के लिए सीएमओ को निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी अधिकारी आयुष्मान भारत को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि पिछले माह भी कार्ययोजना बनाकर प्रगति लाने के निर्देश के बाद भी अपेक्षित प्रगति नहीं आई। कार्य योजना बनाकर गोल्डन कार्ड बनाने के लिए निर्देश किया। जिलाधिकारी ने 108 व 102 एंबुलेंस की समीक्षा के दौरान कहा कि शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
उन्होंने प्रबंधक एंबुलेंस को निर्देशित करते हुए कहा कि कड़ी निगरानी रखी जाए। यदि फिर शिकायत प्राप्त होती है तो एफआईआर दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अंधता निवारण कार्यक्रम में चश्मा वितरण योजना की शून्य प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए चश्मा क्रय हेतु टेंडर आदि की कार्रवाई कराते हुए वितरण सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए। परिवार नियोजन कार्यक्रम में सिटी, कोन, अरबन, छानबे तथा हलिया के कम प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की।