चुनार। पालिका प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण अभियान से नाखुश भाजपा पदाधिकारियों ने शुक्रवार को पालिका कार्यालय पहुंचकर पालिकाध्यक्ष मंसूर अहमद को पत्रक सौंपा। आरोप लगाया कि नगर में मनमानी तरीके से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। मांग की गई कि एक सप्ताह का नोटिस देकर ही अतिक्रमण हटाया जाय।
भाजपा नगर अध्यक्ष चंद्रहास गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पालिकाध्यक्ष से कहा कि पालिका प्रशासन द्वारा नगर में बिना किसी पूर्व सूचना के अतिक्रमण हटवाया जा रहा है। जिससे कमजोर वर्ग के लोग जो सड़क किनारे ठेले, खोमचे को लगाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं, अचानक से अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत उनकी गुमटियों को हटाकर उनके आगे रोजी-रोटी की समस्या पैदा कर दिया गया है। कहा कि अतिक्रमण हटाने से पहले उन्हें कोई उचित स्थान मुहैया कराया जाय। अतिक्रमणकारियों को नोटिस के माध्यम से एक सप्ताह का समय देकर ही कार्रवाई की जाय। नगर अध्यक्ष ने कहा कि यदि गलत तरीके से कोई कार्रवाई की गयी तो भाजपा कार्यकर्ता इसका विरोध करेंगे। इस दौरान विजय बहादुर सिंह,नंदलाल केशरी, अभिलाष राय, डा रूपेश सिंह, सभासद मुनीम चौहान,अंशु राय सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।