मिर्जापुर। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्रा के पुत्र विष्णु मिश्रा की कंपनी के नाम पर दो बालू पट्टों के राजस्व बकाया पर डीएम ने लीज को निरस्त कर दिया। साथ ही राजस्व वसूली के लिए आरसी जारी किया है। ज्ञानपुर तहसील प्रशासन को बकाया राजस्व वसूल कर जमा करने का निर्देश दिया गया है।
नवनिर्माण इंफ्रा एंड मूवर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर जिले के जिगना थाना क्षेत्र के गोगांव व नदनी में बालू खनन के लिए दो पट्टे हुए थे। इसका राजस्व बकाया चल रहा है। खनन अधिकारी केके राय ने बताया कि गोगांव पट्टे पर एक करोड़ 25 लाख 34 हजार 206 रुपये जबकि नदनी में स्थित बालू के पट्टे पर एक करोड़ 12 लाख 49 हजार 407 रुपये बकाया है। इसको जमा करने के लिए कई बार नोटिस जारी किया जा चुका है। इसके बाद कंपनी को डिफाल्टर घोषित कर दिया गया। खनन अधिकारी ने डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार से मामले से अवगत कराया। डीएम ने विष्णु मिश्रा की नवनिर्माण कंपनी के खिलाफ आरसी जारी कर लीज को निरस्त कर दिया। डीएम ने आदेश दिया कि कंपनी से राजस्व जमा कराया जाए।