मड़िहान। थाना क्षेत्र के दीपनगर कस्बा में शनिवार की दोपहर सर्राफ की दुकान से उचक्के आठ लाख के आभूषण लेकर भाग गए। दुकानदार रविंद्र श्रीवास्तव ने दो अज्ञात के खिलाफ पटेहर चौकी पर तहरीर दी है।
ककरद गांव निवासी रविन्द्र श्रीवास्तव की दीपनगर कस्बे में आभूषण और बर्तन की दुकान है। शनिवार की दोपहर वह दुकान छोड़कर चाय पीने चला गया। इस दौरान दो लोग आए। इसमें एक युवक ने नौकर को बात में उलझाये रखा। बर्तन देखता रहा। इस दौरान मौका पाकर दूसरे युवक ने काउंटर से सोने-चांदी के जेवरात निकाल लिए। इसके बाद सामान बाद में लेने की बात कहकर दोनों चले गए। दुकानदार दुकान पर वापस आकर देखा तो काउंटर खुला था। नौकर को बुलाकर पूछताछ की तो उसने बताया कि दो युवक आए थे। इसके बाद दुकानदार ने सीसी टीवी फुटेज देखी तो उसमें दो युवक काउंटर से सामान ले जाते दिखाई दिए। दुकानदार ने इसकी सूचना चौकी प्रभारी को दी। दुकानदार ने बताया कि आठ लाख के गहने ले गए हैं। पटेहरा चौकी प्रभारी रामनिवास कुशवाहा ने बताया कि दुकानदार की लापरवाही से 40 हजार का गहना गायब हुआ है।