व्यवस्था परिवर्तन संकल्प रैली के माध्यम से अपना दल के कृष्णा पटेल गुट ने सांसद अनुप्रिया पटेल को उनके ही घर में घेरने की तैयारी कर ली है। वहीं, सांसद गुट इलाहाबाद जिले में रैली कर अपना कद बढ़ाने में लगा है। अपने घर में रैली को सांसद जहां पार्टी की उपाध्यक्ष पल्लवी पटेल और सांसद हरिवंश सिंह की महत्वाकांक्षा मान रही हैं तो वहीं कृष्णा पटेल का कहना है कि डा. सोनेलाल पूरे प्रदेश में लोकप्रिय थे, इसलिए रैली कहीं भी की जा सकती है।
आगामी 23 अगस्त को राजकीय इंटर कालेज में होने वाली रैली की तैयारियों को अंतिम रूप देने में अपना दल के कार्यकर्ता लगे हैं। वहीं सांसद की अगुवाई वाले धड़े ने इसी दिन इलाहाबाद के समीप रामनगर मेजा में रैली करने का निर्णय लिया है। बता दें कि वर्ष 1999 में इलाहाबाद के पीडी टंडन पार्क में डा. सोनेलाल पटेल पर हुए लाठीचार्ज की 16वीं वर्षगांठ पर अपना दल के दोनों गुट रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं में संदेश देना चाहते हैं।
सांसद अनुप्रिया पटेल का कहना है कि 23 अगस्त को मिर्जापुर में क्षेत्र की जनता को भ्रमित करने के लिए रैली का आयोजन किया जा रहा है, लेकिन यहां की जनता समझदार एवं मेरे सड़क से संसद तक की संघर्ष की साक्षी है। उन्होंने कहा कि मां को इस्तेमाल किया जा रहा है। पल्लवी पटेल और सांसद हरिवंश सिंह पार्टी के मिशन से खिलवाड़ कर रहे हैं। उधर, पार्टी के संस्थापक डा. सोनेलाल पटेल की पत्नी कृष्णा पटेल का कहना है कि हमने दो जुलाई को इलाहाबाद में और फिर बनारस में रैली की। डा. सोनेलाल किसी स्थान विशेेष के नहीं थे, वह पूरे प्रदेश में लोकप्रिय थे, इसलिए कहीं भी रैली की जा सकती है। फिलहाल पार्टी नेता रैली में अधिक से अधिक भीड़ जुटाने के लिए जिले के ग्रामीण इलाकों का दौरा कर रहे हैं।
सांसद बेटी पर पिता के आंदोलन को रोकने का आरोप ः अपना दल की सांसद बेटी पर अपने ही पिता के आंदोलन को रोकने का आरोप पार्टी के प्रवक्ता आरबी पटेल ने गुरुवार को लगाया। नगर के रामबाग स्थित पार्टी के जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष श्याम बहादुर पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी प्रवक्ता ने सांसद अनुप्रिया पर निशाना साधा। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव सेठ जगदीश सिंह ने कहा कि 23 अगस्त को महुवरिया स्थित जीआईसी में व्यवस्था परिवर्तन महारैली होगी।
रैली प्रभारी राजवन सिंह पटेल ने कहा कि महारैली को सफल बनाने के लिए सभी विधानसभा अध्यक्षों के नेतृत्व में विधानसभावार जनसंपर्क एवं नुक्कड़ सभा की जा रही है।
अपना दल का बैंक खाता सीज ः अपना दल में राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर तस्वीर साफ न होने की स्थिति में दल के लखनऊ स्थित पंजाब नैशनल बैंक के खाते को सीज कर दिया गया है। सात जुलाई को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय लखनऊ में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय महासचिव प्रेमचंद मौर्य के नेतृत्व में प्रस्ताव पारित किया गया था कि पूर्व में अंकित अनुप्रिया पटेल के नाम के स्थान पर कृष्णा पटेल राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम बैंक के चालू खाता एवं समस्त अभिलेखों में अंकित किया जाए।
इसकी जानकारी होने पर सांसद अनुप्रिया ने बैंक प्रबंधन को पत्र लिखकर उनकी सहमति के बिना खाता संचालन पर रोक लगाने की मांग की थी। इलाही कांप्लेक्स गुरुगोविंद सिंह मार्ग पर स्थित पीएनबी के शाखा प्रबंधक ने सांसद को पत्र लिखकर अवगत कराया कि जब तक राष्ट्रीय अध्यक्ष का मामला नहीं सुलझता, पार्टी के खाते को सीज कर दिया गया है। कृष्णा पटेल ने कहा कि बैंक की तरफ से मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। उधर, सांसद अनुप्रिया पटेल का कहना है कि नौ जून को ही निर्वाचन आयोग का फैसला आया था कि अपना दल का अध्यक्ष दोनों में कोई नहीं है। खाते का संचालन राष्ट्रीय अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष के संयुक्त हस्ताक्षर से होता है जब कोई अध्यक्ष नहीं है तो खाते का संचालन कैसे हो सकता है।