वासलीगंज रोड से बारिश में छाता लेकर गुजरते लोग।
- फोटो : MIRZAPUR
मिर्जापुर। शनिवार की सुबह झमाझम हुए मानसूनी बरसात से खेतों और निचले इलाकों में पानी भर गया। खेतों में पानी लगने से किसानों के चेहरे खिल उठे। बारिश बाद कई स्थानों पर राहगीरो को जल भराव का सामना करना पड़ा। नीचले इलाकों मे हुए जलभराव से पानी लोगों के घरों में घुसने लगा। कई लोग घरो से पानी निकालने में जुटे रहे।
नगर के आवास विकास कालोनी, रोडवेज परिसर के अलावा पथरहिया स्थित डंगहर के निचले इलाकों का सबसे बुरा हाल रहा। रोडवेज परिसर में हुए जलभराव से यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान जो जहां था वहीं ठहर गया। लोग घरों से नहीं निकल सके। विंध्याचल, मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग से विंध्याचल की ओर जाने वाले मार्ग के बीच बने दूधनाथ चुंगी रेलवे पुल, रेहडा पुल एवं पटंगरा रेलवे पुल के नीचे पानी भर गया। जिससे आवागमन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को जहां जान हथेली पर लेकर रेलवे ट्रैक आरपार करना पड़ा वहीं दो पहिया व चार पहिया वाहन चालको को दो से पांच किलोमीटर का चक्कर लगाकर विंध्याचल तक पहुंचना पड़ रहा था। ग्राम्यांचलों में भी कई स्थानों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से लोग परेशान रहे। रास्ते पर हुए जल भराव के बीच से होकर अपने घरों में आना व जाना पड़ रहा था।