छानबे क्षेत्र के पाली में गिरा कच्चा मकान।-सोशल मीडिया।
मिर्जापुर। जिले के पूर्वी क्षेत्र में रविवार की सुबह 20 मिनट तक बारिश हुई। इससे किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इसके बाद दोपहर में तेज धूप निकलने से उमस भरी गर्मी बढ़ गई। तापमान तो 33 डिग्री सेल्सियस रहा। उमस भरी गर्मी 42 डिग्री का अहसास करा रही थी।
रविवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही रही। सिटी व पहाड़ी ब्लॉक क्षेत्र के अघौली, अर्जनपुर, अनंतरामपट्टी, चेरुईराम, हरिहरपुर बेदौली, महेंवा आदि क्षेत्रों में बारिश हुई। शनिवार को भी कुछ क्षेत्रों में 15 मिनट तक बारिश हुई थी।
कच्चा मकान गिरा, गृहस्थी का सामान दबा
जिगना। पाली गांव में रविवार की भोर में कृष्णमोहन का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। इसमें अनाज, भूसा, गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया। शनिवार की रात उसमें कोई नहीं था। इस कारण कोई जनहानि नहीं हुई। क्षेत्रीय लेखपाल को सूचना दे दी गई है।