शहर कोतवाली पुलिस द्वारा बरामद पटाखा। स्रोत- पुलिस
मिर्जापुर। दीपावली और धनतेरस के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार को दो स्थानों पर छापे मारकर 567 किलो बारूदयुक्त पटाखे बरामद किए। इस दौरान कोतवाली शहर और राजगढ़ पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के पीआरओ सेल के मुताबिक, कोतवाली शहर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रमईपट्टी तिराहे के पास छापेमारी की। यहां से रमईपट्टी निवासी ओम प्रकाश गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 229 किलो बारूदयुक्त पटाखे बरामद हुए। इनमें बुलेट बम, मिनी बम, हाइड्रो बम, चटाई, फुलझड़ी और रॉकेट आदि शामिल हैं।राजगढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नदिहार गांव में कार्रवाई की। यहां से नदिहार बाजार निवासी असगर अली को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 338 किलो बारूदयुक्त पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने उसके खिलाफ भी विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की।