अहरौरा। मुख्य विकास अधिकारी अविनाश सिंह ने शुक्रवार को जमालपुर विकास खंड के हिनौता के छातों में मुसहरों के लिए बने मुख्यमंत्री आवास का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस आवासीय व्यवस्था में शीघ्र ही बुनियादी सुविधाएं बहाल की जाए।
हिनौता में मुसहर बस्ती में 50 मुख्यमंत्री आवास का निर्माण किया गया है। इन सभी आवासों में पानी, बिजली, शौचालय व अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। इस व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी अविनाश सिंह पहुंचे। उनके साथ जमालपुर विकास खंड के बीडीओ हेमंत कुमार व अन्य अधिकारी भी थे। सीडाओ ने आवासों का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने कहा कि जो भी सुविधाएं अभी बाकी हैं, उसे तत्काल पूरा किया जाए। शौचालयों का भौतिक सत्यापन करते हुए उसे शीघ्र पूर्ण कराने को कहा। क्षेत्र के छातो गांव में विद्युतीकरण, सामुदायिक शौचालय, पीच रोड, तथा व्यक्तिगत मुर्गी पालन और बकरी पालन केंद्र बनाए जाने की कार्ययोजना साझा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी अविनाश सिंह ने दिशा निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने कोविड संक्रमण के दौरान बंद चल रहे स्कूलों के खुलने का आदेश मिल जाने की बात भी कही।
इनसेट
चलायी जाएगी मोहल्ला पाठशाला
मिर्जापुर। हिनौता के मुसहर बस्ती में बच्चों के लिए मोहल्ला पाठशाला चलायी जाएगी। इस संबंध में निर्देश देते हुए सीडीओ अविनाश सिंह ने कहा कि बस्ती का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। यदि कोई बच्चा बस्ती से बाहर नहीं जा पा रहा है तो ऐसे बच्चों के लिए मोहल्ला पाठशाला चलायी जाएगी। इसके लिए परिषदीय विद्यालय के शिक्षकों से संपर्क कर ऐसे बच्चों को शिक्षा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। कई स्वयंसेवी शिक्षक भी इसके लिए आगे आ रहे हैं।