हलिया। प्रयागराज के कोरांव थाना क्षेत्र के खजूरी ग्राम प्रधान की हत्या पर हलिया विकास खंड के ग्राम प्रधानों ने रोष व्यक्त किया। ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष विजय नारायण मिश्र के नेतृत्व में मंगलवार को ग्राम प्रधानों ने ब्लाक मुख्यालय पर प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपा।
राज्यपाल को संबोधित 10 सूत्री मांग पत्र में पड़ोसी जनपद प्रयागराज के कोरांव थाना के खजूरी ग्राम प्रधान अनुज कुमार सिंह की 17 जून को हुई निर्मम हत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्राम प्रधान की गांव के ही श्रमिक की ओर से उन पर पीछे से फावड़े से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। अध्यक्ष ने कहा कि चुनावी वर्ष चल रहा है। शायद ही कोई ऐसा गांव बचा हो जहां के ग्राम प्रधान इस समय प्रताड़ित न किए जा रहे हो। उन्होंने प्रधान के हत्यारे को कठोर सजा देने के साथ ही ग्राम पंचायतों में चल रहे मनरेगा कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की। कहा कि गांव में नाली, खडंजा व चकरोड के साथ ही अन्य हो रहे विकास कार्यों के दौरान मनबढ़ किस्म अथवा आगामी चुनाव मे अपने को प्रधान का भावी उम्मीदवार साबित करने के चक्कर में विकास कार्यों में रोड़ा बने रहते हैं। ऐसे लोग ग्राम सचिव, टीए, ग्राम रोजगार सेवक व सफाई कर्मी को आए दिन धमकाने के साथ अनावश्यक कार्य कराने का दबाव बना रहे हैं। इस मौके पर अरुण मिश्र, अश्वनी कुमार मिश्र, मनीष पांडेय, हकीम अली, राजेश सिंह, हिंछलाल कोल, सुख्खी चंद सिंह, प्रहलाद मौर्य, पुष्प राज चौरसिया व केवला प्रसाद आदि प्रधान मौजूद रहे।