रामबाग में गुड़-तिल व बेसन से बनी खाद्य सामग्रियां।-संवाद।
मिर्जापुर। मकर संक्रांति (खिचड़ी) 14-15 जनवरी को मनाई जाएगी। नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों में लाई-चिउड़ी के साथ ही गुड़-तिल से बनी खाद्य सामग्रियों की दुकानें सज गईं हैं। गत वर्ष की तुलना में इस साल गुड-तिल से बने खाद्य सामग्रियों के भाव में प्रति किलो पांच रुपये से लेकर 20 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। नगर में रमईपट्टी, पक्का पोखरा, सिविल लाइन, वासलीगंज, घंटाघर, रामबाग सहित लालडिग्गी व संगमोहाल में गुड़ व बेसन से बने ढूंढे, बादाम पट्टी, तिलकुट, लाई पट्टी की दुकानें सजी हैं। बहन और बेटियों के यहां भेजे जाने वाले खिचड़ी के साथ ही खुद के लिए भी ग्राहकों ने खरीदारी शुरू कर दी है। कछवां, बाजार में मकर संक्रांति को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह चरम पर है।
पर्व नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। दुकानदार सीताराम, नरेशचंद्र व अशोक कुमार ने बताया पिछले साल के मुकाबले गुड़ से बने खाद्य सामग्रियाें के भाव में पांच से 10 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई है।