पड़री। मुख्य विकास अधिकारी ने बुधवार को पहाड़ी विकास खंड के सिंधोरा व महुवारी में गोशाला का निरीक्षण किया। महुवारी स्थित गोशाला में जगह-जगह गंदगी दिखने पर उन्होंने ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव को कड़ी फटकार लगाने के साथ ही चेतावनी भी दी। उन्होंने सिंधोरा घाट पर तैयार हो रहे पीपा पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पीपा पुल के जरूरी संसाधन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सिंधोरा गोशाला में हरे चारे की व्यवस्था नहीं होने पर इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने डगमगपुर स्थित निर्माणाधीन माॅडल शाप काे देखा। जगह-जगह हुए अतिक्रमण पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और जिला कृषि अधिकारी को अतिक्रमण हटवाने का निर्देश दिया। उन्होंने सिंधाेराघाट पर तैयार हो रहे पीपा पुल का निरीक्षण किया। पुल के निर्माण में कम पड़ रहे 29 पीपा के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को व्यवस्था कर शीघ्र पीपा पुल तैयार कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी पहाड़ी शरद चौधरी, ग्राम प्रधान रूमा कुमारी आदि मौजूद रहीं।