सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत 18 व 19 मई को बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 18 मई को जनपद के सभी विद्यालयों के बच्चों की तरफ से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान सड़क सुरक्षा शपथ ग्रहण, बच्चों के बीच क्विज, निबंध, पोस्टर, पेटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में स्थानीय स्तर की यातायात समस्या एवं नियमों से संबंधित विषय शामिल किए जाएंगे। मास्टर ट्रेनर के माध्यम से शिक्षकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जायेगा। इसी प्रकार 19 मई को स्कूल प्रबंध समिति की बैठक करायी जायेगी। बैठक में समस्त अभिभावकों को आमंत्रित कर उन्हें भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जायेगा। अभिभावकों के समक्ष ही क्विज, निबंध, पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जायेगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम आयोजित कराने के लिये सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।