मिर्जापुर। योग्यता के आधार पर समायोजन न होने पर आत्मदाह की चेतावनी देने वाला युवक बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा तो कटरा कोतवाली पुलिस उसे पकड़कर ले गई।
गणेशगंज निवासी सत्यम जायसवाल ने कुछ दिन पहले जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन देकर योग्यता के आधार पर समायोजन न होने पर 12 दिसंबर को आत्मदाह की चेतावनी दी थी। उसने बताया कि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने 22 अगस्त को पत्र जारी कर कोविड-19 के दौरान कार्यरत कर्मचारियों को शैक्षिक योग्यता के आधार पर समायोजित करने का आदेश जारी किया था, परंतु मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य और सीएमओ द्वारा ऐसा नहीं किया जा रहा है। उधर, बृहस्पतिवार को सुबह कलेक्ट्रेट पहुंचने पर कटरा कोतवाली पुलिस उसे पकड़कर ले गई। कटरा कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि युवक ने आत्मदाह की चेतावनी दी थी। उसे कोतवाली लाया गया है। सीएमओ से बात की गई है। सीएमओ ने बताया कि पहले उसे 10 हजार रुपये मिलते थे। नए समायोजन में उसे 16 हजार रुपये मिलेंगे। उसे योग्यता के आधार पर ही रखा जा रहा है। समझाने पर युवक मान गया है।