मड़िहान थाना स्थित पहाड़ी ब्लॉक के दाढ़ीराम गांव में शुक्रवार को बगैर राजस्व कर्मी को साथ लिए जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची मड़िहान पुलिस पर प्रधान ने मोबाइल छीनने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। इससे पहाड़ी प्रधान संघ के सदस्यों में पुलिस के प्रति काफी आक्रोश है। दाढ़ीराम ग्राम प्रधान राजेश कुमार ने शनिवार को उपजिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को लिखित पत्रक देकर न्याय की गुहार लगाई है।
दाढ़ीराम ग्राम प्रधान राजेश कुमार ने बताया की शुक्रवार को मड़िहान पुलिस गांव के रामखेलावन मोदनवाल को जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची। लेकिन साथ में राजस्वकर्मचारी नहीं थे। पुलिस नवीन परती ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा दिलवाने लगी। इसपर वह पुलिस से जानकारी लेने लगे तो पुलिस कर्मचारियों ने दुर्व्यवहार करते हुए मोबाइल छीन लिया। फर्जी मुकदमे में फसाने की धमकी दी। मौके से भगा दिया। प्रधान का आरोप है कि क्षेत्र में भूमाफिया का बोलबाला है। मड़िहान पुलिस सह दे रही है। विकास खंड पहाड़ी के दाढ़ीराम ग्राम प्रधान राजेश कुमार के साथ पुलिस द्वारा किए गए दुर्व्यवहार पर प्रधान संघ के पदाधिकारियों में आक्रोश है। प्रधान संघ के जिला महामंत्री अरविंद कुमार दुबे, जिला उपाध्यक्ष रामदेव सरोज समेत अन्य प्रधानों ने आपत्ति जताते हुए कहा की प्रधान एक जिम्मेदार पद है। उनके साथ दुर्व्यवहर दु:खद व निंदनीय है। 24 घंटे अंदर कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदर्शन किया जाएगा।