मिर्जापुर। अहरौरा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर घुसपैठ रोकने व उनसे निपटने के लिए नक्सल प्रभावित सोनभद्र मिर्जापुर तथा चंदौली की पुलिस ने अष्टकोणीय थाने पर संयुक्त बैठक कर साझा रणनीति बनाई। पुलिस तथा पीएसी बल के अधिकारियों ने गहन मंत्रणा कर विचार विमर्श किया।
बैठक के दौरान गोपनीय रूप से तय किया गया कि मिर्जापुर,सोनभद्र तथा चंदौली के वन क्षेत्र वाले सीमाई इलाकों में संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर गश्त बढ़ाई जाए। इस दौरान जंगलों के रास्ते से अंतर्जनपदीय प्रवेश पर सतर्कता पूर्वक नजर रखी जाए। पुलिस तथा पीएसी बल के जवान एक दूसरे से संपर्क बनाकर समन्वय स्थापित करें। समय-समय पर गोपनीय विभाग से मिलने वाली जानकारी तथा खुफिया इनपुट को एक दूसरे से साझा करते रहें।
बैठक का नेतृत्व कर रहे एएसपी ऑपरेशन महेश सिंह अत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव में नक्सल घुसपैठ सख्ती से रोकना तथा गांव की जनता को नक्सल विरोधी मुहिम से जोड़ कर रखना होगा। नक्सल प्रभावित गांवों में कम्यूनिटी पुलिसिंग के तहत जनता से सीधे जुड़ कर संवाद स्थापित करने के लिए भी रणनीति तैयार की गई है। जिससे नक्सल मूवमेंट पर अंकुश लगेगी। बैठक में प्रमुख रूप से क्षेत्राधिकारी नक्सल अजय राय, रामानंद राय, शेष मणि त्रिपाठी, अरशद जमाल सिद्दीकी, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, शैलेश राय, गोपाल दास गुप्ता, एसआई गिरेंद्र राय, श्यामलाल, मोती यादव नक्सल प्रभारी शाहिद खां सहित पुलिस तथा पीएसी बल के लोग मौजूद रहे।