Mirzapur News : मिर्जापुर जिले में महिला से छेड़खानी और पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। वीडियो में दिख रहा है कि महिला से काफी देर तक बहस करने के बाद युवक मारपीट पर उतर आया। महिला भी संघर्ष करती दिखी।
विंध्याचल में महिला से छेड़खानी करने व विरोध करने पर उसकी पिटाई करने का वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मनबढ़ युवक आए दिन ऐसी हरकत करता है।
यह है मामला
पड़री थाना क्षेत्र निवासी एक महिला पिछले दो वर्ष से विंध्याचल में किराये के मकान में रह रही है। दो मार्च की दोपहर में पड़ोस के एक युवक ने महिला के साथ छेड़खानी की। महिला ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़खानी व मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि पड़री निवासी महिला विंध्याचल में किराये के मकान में रह रही है। युवक उससे मजाक कर रहा था। उसने मना किया। इसके बाद भी वह नहीं माना। महिला के साथ मारपीट किया। महिला की तहरीर पर साजिद खान के खिलाफ छेड़खानी व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।